केंद्रीय मंत्री, सीएम, पूर्व सीएम से लेकर हाईप्रोफाइल उम्मीदवार तक, दूसरे चरण में वोट डालने में नेता भी दिखा रहे जोश

Hindi | 26 April, 2024 | 10:04 AM
સાંજ સમાચાર

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 13 राज्यों की 88 सीट पर वोटिंग शुरू हो गई है। दूसरे चरण में केरल की वायनाड लोकसभा सीट भी शामिल है। आज राज्य की सभी 20 सीट के अलावा कर्नाटक की 28 में से 14 सीट, राजस्थान की 13 सीट, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश की आठ-आठ सीट, मध्य प्रदेश की छह सीट, असम एवं बिहार की पांच-पांच सीट, छत्तीसगढ़ एवं पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीट पर वोटिंग हो रही है।

इसके अलावा मणिपुर, त्रिपुरा एवं जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर लोग वोट डाल रहे हैं। दूसरे चरण में 89 सीट पर मतदान होना था लेकिन मध्य प्रदेश की बैतूल सीट पर बसपा के एक प्रत्याशी के निधन के बाद अब तीसरे चरण में मतदान होगा। दूसरे चरण में 1202 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

पूर्व सीएम से लेकर केंद्रीय मंत्री ने किया मतदान

केरल में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कन्नूर के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। यहां केंद्रीय मंत्री और एटिंगल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार वी मुरलीधरन ने मतदान किया। केरल के शिक्षा मंत्री और CPIM नेता वी. शिवनकुट्टी ने मतदान किया। केरल में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और वायनाड में राहुल गांधी के खिलाफ उम्मीदवार के. सुरेंद्रन ने मतदान किया। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने बेंगलुरु के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।

कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने अलपुझा मतदान केंद्र पर मतदान किया। राजस्थान में जालौर से कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत ने जोधपुर में मतदान किया। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी जोधपुर में मतदान किया।

मेरा वोट मेरे अधिकार के लिए... कर्नाटक में एक्टर प्रकाश राज ने डाला वोट

कर्नाटक: अभिनेता प्रकाश राज ने बेंगलुरु के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। बेंगलुरु में अपना वोट डालने के बाद अभिनेता प्रकाश राज ने कहा, "मेरा वोट मेरे अधिकार के लिए है, मेरी शक्ति यह चुनने के लिए है कि कौन मेरा प्रतिनिधित्व करेगा, कौन संसद में मेरी आवाज बनेगा... ऐसे उम्मीदवार को चुनना बहुत महत्वपूर्ण है जिसे आप चुनें। उन्होंने कहा कि मैं विश्वास करता हूं, और मैंने उस उम्मीदवार को वोट दिया है जिस पर मैं विश्वास करता हूं और जो घोषणापत्र वे लाए हैं और बदलाव के लिए, उस नफरत और विभाजनकारी राजनीति के कारण जो हमने पिछले दशक में देखी है। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज कर्नाटक की 14 सीटों पर मतदान हो रहा है।

छत्तीसगढ़ के सीएम ने की वोट देने की अपील

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद के लोगों से मेरी अपील है कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने बहुमूल्य वोट का इस्तेमाल करें। राजनांदगांव से कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व सीएम भूपेश बघेल मैदान में हैं। यह सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है।

पश्चिम बंगाल में भी वोटरों की लाइन

पश्चिम बंगाल : सुबह 7 बजे से लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में वोटिंग हो रही है। ऐसे में यहां बालुरघाट में एक मतदान केंद्र के बाहर लोग वोट डालने के लिए कतार में खड़े हैं। राज्य की 42 संसदीय सीटों में से तीन संसदीय सीटों पर आज मतदान हो रहा है।

जम्मू-कश्मीर में मतदान केंद्र पर लाइन, मणिपुर में भी वोटिंग का हाई जोश

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही जम्मू में एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी। केंद्र शासित प्रदेश में 5 संसदीय क्षेत्र हैं। इनमें से एक पर आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान हो रहा है।

मणिपुर में 94 साल की महिला वोट डालने पहुंची

मणिपुर के उखरुल आउटर में 94 साल की एक महिला वोट डालने पहुंचीं। बाहरी मणिपुर सीट के तहत 13 विधानसभा क्षेत्रों के लिए आज दूसरे चरण में मतदान होगा।

राहुल का मुकाबला कांग्रेस की एनी राजा से

केरल में राहुल गांधी, वायनाड से मौजूदा सांसद हैं। उनका मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की एनी राजा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के के. सुरेंद्रन से है। शशि थरूर, चौथी बार तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव मैदान में हैं और उनका मुकाबला बीजेपी के चंद्रशेखर व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पन्नियन रवींद्रन से है। मथुरा लोकसभा सीट पर 2014 से भाजपा का पताका फहरा रही हेमा मालिनी का मुकाबला कांग्रेस के मुकेश धनगर से हैं जबकि कोटा से दो बार के सांसद ओम बिरला को कांग्रेस के प्रह्लाद गुंजल चुनौती दे रहे हैं।

तीसरी बार चुनाव मैदान में शेखावत

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार करण सिंह उचियारदा से है। बेंगलुरू दक्षिण से मौजूदा सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का मुकाबला कांग्रेस की सौम्या रेड्डी से होगा।

पिछली बार एनडीए को 89 में से 56 सीट

लोकसभा चुनाव 2019 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने इन 89 सीट में से 56 और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) ने 24 सीट पर जीत हासिल की थी। इनमें से छह सीट परिसीमन के बाद सामने आई हैं। केरल में, 2,77,49,159 पात्र मतदाताओं में से पांच लाख से अधिक मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।

पहले चरण में लगभग 65% वोटिंग

कुल 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीट पर पिछले शुक्रवार को हुए पहले चरण के मतदान में लगभग 65.5 प्रतिशत मतदान हुआ। शुक्रवार को दूसरे चरण के बाद केरल, राजस्थान और त्रिपुरा में चुनाव संपन्न हो जाएंगे। वहीं 19 अप्रैल को पहले चरण में तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (पांच), अरुणाचल प्रदेश (दो), मेघालय (दो), अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह (एक), मिजोरम (एक), नगालैंड (एक), पुडुचेरी (एक), सिक्किम (एक) और लक्षद्वीप (एक) में चुनाव संपन्न हो चुका है।

Related News
Sports News
Loading...
Facebook Twitter LinkedIn Pinterest
Get In Touch

Rajkot - Head Office, Sanj Samachar Corporate House, 2nd Floor, Kasturba Road, Near Sharda Baug
Rajkot-360001

0281-2473911-12-13

[email protected]

Privacy-policy
Keep In Touch

Subscribe to Our Newsletter to get Important News & Offers

Download App from

Download android app - Sanj Download ios app - Sanj